Saturday, October 24, 2009

एवरेस्ट जीता, अपनों से हारा

मौत से लड रहा है देश का जांबाज

पर्वतारोही मगन बिस्सा ने भले ही माउंट एवरेस्ट को बड़ी आसानी से फतह कर लिया हो, लेकिन आज वह दिल्ली के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। यह वही मगन बिस्सा हैं, जिन्होंने तीन बार एवरेस्ट को फतह कर राजस्थान का नाम रोशन तो किया ही, इस बार भी अगर हादसा न हुआ होता तो वह एवरेस्ट को फतह करने वाले दुनिया के पहले दंपती होते। दुख की बात ये है कि मगन बिस्सा को न ही राज्य सरकार, न ही केंद्र सरकार कोई सुविधा मुहैया करा रही है।

इंस्टीट्यूट ऑफ लीवर एंड बाइनरी साइंस में भर्ती मगन एवरेस्ट के नजदीक सात मई को बर्फीले तूफान में फंसने के कारण घायल हो गए। इस दौरान उनकी पत्नी सुषमा बिस्सा भी उनके साथ थीं। मगन और सुषमा उत्तरकाशी स्थित नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग अभियान के सदस्य थे। हादसे के बाद मगन को हेलिकॉप्टर से लाकर काठमांडू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया, जहां अभी भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक अब तक बिस्सा की आंत के तीन बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं और उसका 80 फीसदी हिस्सा गैंगरीन के चलते बाहर निकाला जा चुका है। यही नहीं, उनकी आंत से लीकेज भी हो रहा है।

मगन के इलाज पर रोजाना 20 से 25 हजार रुपए खर्च हो रहे हैं। आर्थिक तंगी का आलम यह है कि उनके इलाज के लिए लोन लेना पड़ रहा है। मगन की पत्नी सुषमा बिस्सा ने बताया कि इलाज के लिए आर्थिक मदद के लिए यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तक को पत्र लिखा गया, लेकिन कहीं से कोई पहल नहीं हुई। बिस्सा सरकारी मदद के हकदार हैं और इसके लिए सरकार को खुद पहल करनी चाहिए। अगर ये हादसा न होता तो वे एवरेस्ट पर जाने वाले पहले दंपती होते। उनके दोस्तों और शुभचिंतकों ने मदद के लिए एक वेबसाइट शुरू की है। हेल्पमगन. ओआरजी नाम से शुरू इस वेबसाइट पर मदद के लिए लोग आगे भी आ रहे हैं।

मगन बिस्सा पहली बार उस समय सुर्खियों में आए थे, जब 1984 में बछेंद्री पाल के साथ एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया था। बीकानेर में पले-बढ़े मगन को इसके लिए सेना मैडल से भी नवाजा जा चुका है। बिस्सा फिलहाल राजस्थान एडवेंचर फाउंडेशन के अध्यक्ष और नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन (राजस्थान-गुजरात चेप्टर) के निदेशक हैं।

अगर आप मगन बिस्सा की मदद करना चाहते हैं तॊ उनकी पत्नी सुषमा से 09414139850 और आरके शर्मा 09414139950से पर संपर्क कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए www.helpmagan.org कॊ भी देखें।

1 comment:

Udan Tashtari said...

आभार बताने का..